फिरोजाबाद: तेज आंधी और बारिश ने मचाई तबाही, हादसों में आठ घायल
-आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्जन भेंड़े मरी
फिरोजाबाद। जनपद में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश से अफरा-तफरी मच गई। कई स्थानों पर हुए हादसों में आठ लोग घायल हो गए। एका क्षेत्र में एक मकान की छत गिरने से दिव्यांग दंपती घायल हो गए। उत्तर क्षेत्र में टीन गिरने से युवक घायल हुआ है। खैरगढ़ में आधीं के साथ उड़कर आई टीन से चार लोग घायल हो गए। बिजली गिरने से एक दर्जन भेड़े मर गई।
जिले में बीती रात तेज गति के साथ आई आंधी और बारिश से कस्बा एका के गांव गहेरी में रात 10 बजे तेज हवा व तूफान के कारण घर की छत गिर गई। छत के नीचे सो रही दिव्यांग महिला सविता और उसके पति अमीर घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। गांव गहेरी में स्नान घर गिरने से मंजू देवी घायल हो गईं। खैरगढ़ के गांव हाथवंत में तेज आंधी में महावीर सिंह की छत पर पड़ी टीनशेड उड़ कर पड़ोस में अपनी छत पर सो रही सुशीला देवी ऊपर गिर गया। सागर, मयंक हवा में उड़कर आई टीन की चपेट में आकर घायल हो गए।
गांव पोपगढ़ में रामवीर भी आंधी में उड़कर आई टीन की चपेट में आकर घायल हो गए। गांव निकाऊ में अशोक कुमार के बाड़े खड़ी भेड़ों पर बिजली गिरने से एक दर्जन भेड़ों की मौत हो गई। सभी घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी होने पर राजस्व विभाग से कानूनगो एवं लेखपाल के साथ-साथ पशु चिकित्सा अधिकारी खैरगढ़ मनोज कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। वहीं थाना उत्तर के महादेव नगर निवासी युवक भी टीन की चपेट में आने से घायल हो गया।