फिरोजाबाद: स्वयंसेविकाओं ने पार्क में साफ-सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश

फिरोजाबाद। महात्मा गांधी बालिका महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने रैली निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही लेबर काॅलौनी प्राथमिक परिसर स्थित पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राथमिक विद्यालय लेबर काॅलौनी की प्रधानाध्यापिका मूवी शर्मा एवं पार्षद भोलानाथ द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। डॉ प्रिया सिंह द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल उद्देश्य से अवगत कराया गया। वहीं छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को वृक्षारोपण करने के साथ स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वयंसेविकाओ ने पार्क में गंदगी को साफ करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा हमारा मूल मंत्र है। एनएसएस की स्वयं सेविका एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर प्रिया सिंह और डॉ निशा ने लोगों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पेड़ अवश्य लगाएंगे। अपने आसपास के वातावरण को सुरक्षित एवं स्वस्थ रखने हेतु पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करेंगे एवं उसे साफ सुथरा बनाए रखेंगे।