-पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने किया शिलान्यास और लोकार्पण
फिरोजाबाद। भारतीय संस्कृति और श्रद्धा को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने करोड़ों की लागत से प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को बधाई दी। इससे पहले भी मंदिरों के जीर्णोद्धार को लेकर मंत्री द्वारा घोषणाएं की गई हैं।
पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि नारखी क्षेत्र देवर्षि नारद की भूमि है। यहां ठाकुरजी मंदिर रेंमजा का एक करोड़ पांच लाख 56 हजार की लागत से मंदिर का लोकार्पण किया गया है। वहीं वनखंडेश्वर महादेव मंदिर कोटला का एक करोड़ 44 लाख छह हजार की लागत से, प्राचीन देवर्षि नारद मुनि मंदिर नारखी धौंकल का एक करोड़ 29 लाख और रामलीला मैदान कोटला का एक करोड़ 62 लाख 63 हजार की लागत से शिलान्यास किया गया है। इसके लिए क्षेत्रवासियों को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि इस कार्य को कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल एक वर्ष के अंदर पूरा करेगी। फिरोजाबाद को 230 करोड़ 54 लाख रुपया मिला है। जिससे जिले का विकास कराया जा रहा है।
प्राचीन मंदिरों को सजाया और संवारा जा रहा है। जिले में म्यूजियम बनाया जा रहा है। जिसका लाभ जिले वासियों को मिलेगा। अध्यक्षता स्वामी सत्यानंद महाराज पीठाधीश्वर सोहम महामंडल वृंदावन और संचालन शैलेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, राकेश कुमार सिंह, देवेंद्र सिंह तोमर, स्वामी सच्चिदानंद ब्रह्मचारी, पुष्पेंद्र पाल सिंह, मंसुक पहलवान, विवेक, अरुण कुमार, शिशुपाल, संजीव कुमार, विनीत कुमार बिन्नू मंडल अध्यक्ष, राजेश प्रताप सिंह, अभय प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।