फिरोजाबाद: ससुराल में विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत

-मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप
फिरोजाबाद। ससुराल में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव जंगले पर रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
थाना नगला खंगर क्षेत्र के भदान निवासी 24 वर्षीय सुमन की शादी थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव नगला केशरी निवासी अर्जुन के साथ वर्ष 2017 में हुई थी। मृतका के भाई रुपेश राठौर ने बताया कि ससुरालीजनों ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वह मौके पर पहुंचे तो उनकी बहन का शव जंगले के सहारे रस्सी से लटका हुआ था। जंगला भी सिर के बराबर था, ऐसे में कोई कैसे फांसी लगा सकता है। ससुरालीजनों ने ही फांसी लगाकर हत्या की है।
पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका का पति मूर्ति बनाने का काम करता है। उसके एक बेटा भी है। जिस समय सुमन ने फांसी लगाई। उस समय ससुरालीजन भी घर पर ही थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर नसीरपुर का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।