फिरोजाबाद: खड़ी पिकअप में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत, छह घायल

फिरोजाबाद। हाईवे किनारे खड़ी सवारियों से भरी पिकअप में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह घायल हुए हैं। सभी गोवर्धन परिक्रमा लगाकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव दुगमई निवासी 40 वर्षीय रमाकांत पुत्र जोरावर अपने अन्य साथियों के साथ गोवर्धन परिक्रमा लगाने के लिए गया था। वहां से वह पिकअप गाड़ी में बैठकर वापस लौट रहे थे। गाड़ी में अन्य लोग भी सवार थे। चालक ने गाड़ी को थाना मक्खनपुर क्षेत्र के पायनियर पुल के पास खड़ा कर दिया था। उसी समय किसी अज्ञात वाहन ने पिकअप में टक्कर मार दी।
हादसे में रमाकांत की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि अजय पुत्र सुभाष चंद्र, ऋषि पुत्र सतीश, निशांत पुत्र राजू, नितिन पुत्र धनीराम, डीपी पुत्र बलराम, रमाकांत पुत्र जोरेलाल निवासीगण गांव सूरजपुर दुगमई थाना सिरसागंज घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त खड़ी पिकअप को हटवाया। थानाध्यक्ष मक्खनपुर का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।