-रामलीला के पात्रों एवं गणमान्य लोगों को किया सम्मानित
फिरोजाबाद। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति लेवर कॉलोनी द्वारा आयोजित रामलीला में 14 वर्ष वनवास पूर्ण करने के बाद रामचंद्र के अयोध्या वापस लौटने पर उनका विधि विधान से राज्याभिषेक किया गया। साथ ही सभी रामलीला के पात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
लेबर काॅलौनी की रामलीला में कुल पुरोहित गुरु वशिष्ठ द्वारा भगवान राम का राज्याभिषेक कर राज मुकुट धारण कराया गया। गुरु वशिष्ठ ने राम से कहा कि बेटा जैसी सूर्यवंशी की परंपरा है। उसी के अनुसार रघुकुल की मर्यादाओं का पालन करते हुए राज्य चलाना। जिससे आपके राज्य में प्रजा दुखी ना रहे।
राज्याभिषेक के संयोजक हरिओम आचार्य ने पुरस्कार वितरण करते हुए कहा की वर्तमान समय में युवाओं को श्री राम से प्रेरणा लेते हुए उन्हीं की तरह मर्यादाओं का पालन करना है। समिति अध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा ने रामलीला आयोजन में सहयोग करने के लिए क्षेत्र की जनता, पुलिस प्रशासन, नगर निगम एवं विद्युत विभाग का विशेष आभार प्रकट किया।
राज्याभिषेक पुरस्कार वितरण समारोह में भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, श्रीनिवास शर्मा, विवेक अग्रवाल, मयंक भटनागर, नरेश शर्मा, संभव जैन, लक्ष्मीकांत शुक्ला, पंकज भारद्वाज, किशन यादव, कौशल किशोर, मुकेश शुक्ला रामवीर शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, मोहित, रोहित, रामकुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।