फिरोजाबाद। कई महीने से बीमार चल रहे फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण के जेई की तबीयत शनिवार को बिगड़ गई। उन्हें जलेसर रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। नौकर और साथी जेई उन्हें रविवार सुबह ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मृत्यु हार्ट अटैक से होने की बात बताई गई है।
दिल्ली के शाहदरा निवासी 58 वर्षीय अतुल कुमार जैन 10 वर्ष से विकास प्राधिकरण में जेई थे। वह दक्षिण क्षेत्र स्थित लालऊ रोड पर किराए के घर में नौकर देवेश के साथ रहते थे। उनके साथी जेई एचपी सिंह ने बताया कि अतुल शुगर, हार्ट और रीढ़ की हड़्डी में दर्द समेत कई बीमारियों से कई महीने से पीड़ित थे। शनिवार रात नौ बजे उनकी तबीयत बिगड़ने पर उनके नौकर देवेश निवासी सविता नगर जलेसर रोड स्थित सुशील कुमार गुप्ता के अस्पताल में ले गया। तबीयत और बिगड़ने पर उन्हें ट्रामा सेंटर ले जाया गया था।
वहां उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर थाना उत्तर पुलिस और सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार पहुंचे। अतुल दो बेटों के पिता थे। उनकी पत्नी और अन्य परिजन दोपहर में आ गए। थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह ने बताया कि जेई की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है। वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।