फिरोजाबाद: भाजपा ने फिरोजाबाद लोकसभा सीट से विश्वदीप सिंह पर लगाया दांव

फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया की तिथि समाप्त होने से तीन दिन पहले भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। भाजपा ने क्षत्रिय समाज के विश्वदीप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वर्ष 2019 में भी भाजपा ने क्षत्रिय समाज के डॉक्टर चंद्रसेन जादौन को प्रत्याशी बनाया था।

चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही फिरोजाबाद लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी के घोषणा की लोग बाट जोह रहे थे। समाजवादी पार्टी ने जहां पूर्व सांसद अक्षय यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है, तो वहीं बीएसपी ने सत्येंद्र जैन सोली को अपना प्रत्याशी बनाया है। सपा प्रत्याशी अक्षय यादव ने सोमवार को अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया। भाजपा द्वारा अपना प्रत्याशी घोषित न किए जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। मैनपुरी के बाद फिरोजाबाद सीट से भी भाजपा ने क्षत्रिय प्रत्याशी पर दांव लगाया है। भाजपा द्वारा घोषित किए गए प्रत्याशी विश्वदीप सिंह शहर के ब्रजराज सिंह इंटर कॉलेज, अमरदीप कॉलेज के मालिक हैं। वह पूर्व में बसपा से चुनाव लड़ चुके हैं। सामाजिक कार्यों में भी उनकी गतिविधियां बनी रहती हैं। फिरोजाबाद से जिन लोगों को टिकट मिलने की चर्चाएं हो रही थी। वह सभी धरी रह गईं।

विश्वदीप सिंह के पिता ब्रजराज सिंह फिरोजाबाद के पहले सांसद थे। ब्रजराज सिंह सन 1957 में निर्दलीय मैदान में उतरे थे और जीत का सेहरा उनके सिर पर सजा था। विश्वदीप सिंह ने सन् 2014 में बसपा से चुनाव लड़ा था। सन् 2014 के लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी अक्षय यादव के सामने विश्वदीप सिंह ने चुनाव लड़ा था। तब सपा प्रत्याशी अक्षय यादव को 534583 मत मिले थे। दूसरे नंबर पर भाजपा के एसपी सिंह बघेल रहे। जिनको 420524 मत मिले। वहीं तीसरे नंबर पर बसपा के विश्वदीप सिंह 118909 मतों के साथ रहे थे। उस समय अक्षय यादव की 114059 मतों से जीत हुई थी। अब सपा से पुनः अक्षय यादव मैदान में है, तो वहीं भाजपा ने क्षेत्रिय समाज के विश्वदीप सिंह पर दांव लगाया है।

 

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2558