फिरोजाबाद: अबकी बार बीजेपी आई तो अग्निवीर की तरह पुलिस की तीन साल की होगी भर्ती-अखिलेश यादव

-2019 में मेरी गलती के कारण हार गए थे अक्षय, इस बार भारी मतों से जिताने का करें काम-शिवपाल यादव
-सपा प्रत्याक्षी अक्षय यादव के समर्थन में मक्खनपुर नवादा में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनावी जनसभा को किया संबोधित

फिरोजाबाद। शनिवार को मक्खनपुर के नवादा में सपा प्रत्याशी अक्षय यादव के लिए जनसभा को संबोधित करने आए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश का संचार किया। गठबंधन की घोषणा को जनता के बीच पहुंचाया। मंच पर पहुंचते ही अखिलेश यादव खचाखच भरे पंडाल को देखकर गदगद हो गए।

उन्होंने चारों ओर नजरें घुमाकर कहा कि लोगों का समुद्र दिखाई दे रहा है। ये उत्साह है जो इस बार ये अक्षय यादव को न केवल जिताने जा रहा है, बल्कि रिकार्ड मतों से फिरोजाबाद जिताने जा रहा है। पहले और दूसरे चरण के बारे में उन्हें पता लग गया है। इन चरणों में भाजपा काफी पीछे छूट गई है। तीसरे चरण में जो चुनाव होने जा रहा है। इसमें फिरोजाबाद के लोग दुख दर्द दूर करने का काम करेंगे और अक्षय यादव को जिताकर खुशिया लाने का काम करेंगे। भाजपा केंद्र की 10 साल और प्रदेश के सात साल के सरकार की उपलब्धियां नहीं बता पा रहे हैं। जनता जान चुकी है। उनके वादे सभी झूठे निकले। किसानों से कहा था उनकी आय दोगुनी हो जाएगी। उन्होंने किसानों से पूछा क्या आपकी आय दोगुनी हुई है क्या। जवाब नहीं में आया। महंगाई पर भाजपा सरकार को घेरा। दिल्ली वाले तीन काले कानून लेकर आए थे। किसानों के लिए सड़कों पर कीलें ठुकवा दीं। हारकर सरकार को तीनों काले कानून वापस लेने पड़े। उन कानूनों से किसानों की जमीन चली जाती और उद्योगपतियों को दे दी जाती।

-किसानों को भाजपा ने दिया धोखा

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को धोखा दिया है। उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ माफ कर दिया। जिन लोगों का पांच करोड़ से अधिक बकाया है उनका माफ कर दिया जाएगा। बड़ों का कर्ज माफ हो गया। किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। इंडिया गठबंधन ने तय किया है। सरकार बनने पर पहला फैसला किसानों का कर्ज माफ करने का होगा। जहां किसान दुखी है। वहीं, नौजवानों ने इनका समय देखा है। इनकी सरकार में कोई परीक्षा हुई होगी। हर परीक्षा का पेपर लीक हो गया। सरकार कह रही थी कि हमने परीक्षा को लेकर बहुत काम किए हैं। जो युवा परीक्षा देकर घर आया तब उसे पता चला कि परीक्षा निरस्त हो गई। यह सरकार पेपर नहीं करा पाई।

-अग्निवीर की चार तो पुलिस की होगी तीन साल नौकरी

उन्होंने कहा कि अग्निवीर की भर्ती भी चार साल की कर दी। ये नौकरी ऐसी है। जिसमें नौजवानों को कोई सुविधा नहीं मिलेगी। अग्निवीर में शहीद होने पर वह सम्मान भी नहीं मिलेगा। नेताजी ने सैनिकों को सम्मान देने का काम किया था। हम इस चार साल की नौकरी को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। अग्निवीर को हम समाप्त करेंगे। पुलिस के लिए कहा कि कभी-कभी वह गुस्सा बहुत दिखाते हैं। अभी अग्निवीर की चार साल की भर्ती है। इनकी तीन साल की हो जाएगी। आपको पता था कि हवाई जहाज बेच दिए जाएंगे। बंदरगाह बेच दिए जाएंगे। टेलीफोन और एलआईसी बेच दी। आधी रात को नोट बंद कर दिए। इसलिए बीजेपी वाले आ गए तो खाकी वर्दी पहनने वालों की नौकरी भी तीन साल की हो जाएगी।

-पौष्टिक आटा और डाटा फ्री देने का करेंगे काम

बीजेपी के लोगों को जब वोट चाहिए था। राशन में रिफाइंड, दाल, नमक दे रहे थे। अब राशन में क्या दे रहे हैं। राशन जो मिल रहा है उसकी गुणवत्ता ठीक करेंगे। बाजार में पैक्ड आटा बिक रहा है। पैक्ड पौष्टिक आटा और डाटा देने का काम भी करेंगे। गुणवत्ता का राशन, पौष्टिक आटा और डाटा फ्री देने का काम करेंगे। सपा ने लेपटॉप दिए थे। बीजेपी वालों ने उसकी भी नकल कर ली। हमने लेपटॉप बड़ा दिया था। इन्होंने छोटा कर दिया। वह भी चलता नहीं है। खाद की बोरी में चोरी हो रही है। वह सीखे हैं पारले बिस्किट से। मुनाफा कमाया, महंगाई बढ़ी पैकेट छोटा हो गया। बीजेपी वाले आ गए तो एक बिस्किट का पैकेट मिलेगा। पारले से सीख गए बोरी की चोरी। दोबारा आ गए तो पाउच में खाद मिलेगी। हम आपको सावधान करने आए हैं। बीजेपी के लोग झूठ बोलकर सत्ता में आते हैं।

-जबर्दस्ती लगवा दी कोरोना वैक्सीन

बीजेपी वालों ने सबको वैक्सीन लगवाई थी। नौकरी करने वालों को जबर्दस्ती लगवा दी। हमने नहीं लगवाई वैक्सीन। बीजेपी वाले जान पर पीछे पड़े हैं। इलेक्ट्रोल बॉड के बारे में सभी जान गए। मीट वाली कंपनी से भी पैसा ले लिया। वैक्सीन वालों से भी पैसा लिया। बाजार में दवा महंगी हो गई। बीजेपी वाले दवा वालों से भी पैसा ले लेंगे। दवा का पर्चा भी छोटा हो जाएगा। बाबा साहब के संविधान को बदलना चाहते हैं। जो संविधान को बदलना चाहते हैं। फिरोजाबाद की जनता उन्हें बदलने का काम करेगी। डबल इंजन के होर्डिंग में से एक इंजन गायब है। बीजेपी हटाओ संविधान बचाओ। बीजेपी हटेगी तो नौकरी मिलेगी। बीजेपी हटेगी तो रोजगार मिलेगा। घर परिवार में खुशियां आएंगी। चूड़ियों का व्यापार बढ़ेगा। युवाओं का एक तिहाई जीवन खराब कर दिया। इस चुनाव में अक्षय यादव को वोट देकर जिताने का काम करेंगे। तीसरे चरण में इनका सफाया होने जा रहा है। अपने बूथ को जिताने का काम करना है। सावधान रहकर मतदान करना। जनता का चुनाव होने जा रहा है। किसी की मनमर्जी नहीं चलेगी। संविधान की बात होगी तो उसका साथ मिलेगा। वोट डालने से कोई रोके तो घबराना नहीं।

सपा नेताओं ने भी किया संबोधित

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि 2019 में मेरी गलती के कारण अक्षय चुनाव हार गए थे। इस बार अक्षय यादव को भारी वोट से जिताने का काम करे। उन्होंने कहा कि भाजपा भाई से भाई को परिवार से परिवार को लड़ाने का काम करती है। फिरोजाबाद के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सात मई को भाजपा को वोट का ऐसा इंजेक्शन लगाना जिसकी चीख दिल्ली तक पहुंचे। भाजपा को हटाने का काम करेंगे। उन्होंने हाथ उठाकर लोगों का समर्थन लिया। नेताजी को श्रद्धांजलि देते हुए साइकिल का बटन दबाकर अक्षय यादव को जिताने का काम करना है। जब भी अत्याचार हुआ है। उसे लाल स्याही से लिख लेना। उसका बदला लेने का काम किया जाएगा।

प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि आलसी, डरपोक और ना समझ को एजेंट मत बना देना। सवा पांच बजे तक एजेंट पहुंच जाएं। साढ़े पांच बजे मॉक पॉलिंग होगी। मॉक पॉल में एजेंट का उपस्थित रहना जरूरी है। ठीक सात बजे मतदान शुरू हो जाएगा। प्रत्याशी अक्षय यादव ने कहा कि यह चुनाव महत्वपूर्ण चुनाव है। यह बाबा साहब के बनाए संविधान को बचाने का चुनाव है। 1500 से अधिक नुक्कड़ सभा हम कर चुके हैं। यह सीट जीतकर नेताजी को श्रद्धांजलि स्वरूप अर्पित करेंगे। आप भी अपनी भागेदारी देते हुए जिताकर नेताजी को समर्पित करने में सहयोग कीजिएगा। सात मई को सुबह ही अपना वोट डाल देना।

मंच पर सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, शिकोहाबाद विधायक मुकेश वर्मा, सिरसागंज विधायक सर्वेश यादव, जसराना विधायक सचिन यादव, पूर्व एमएलसी डाॅ दिलीप यादव, रामवीर यादव, रमेश चंद्र चंचल, मीना राजपूत, अजीम भाई, मुकेश कुमार टीटू, खालिद नसीर, पीएस यादव, सुकेश यादव, संदीप तिवारी, सरोज शर्मा, मनोज शंखवार, सतेंद्र जैन सौली, संतोष यादव, विजय आर्या, बंटू कठेरिया, जगमोहन यादव, विनय बाल्मीकि आदि मौजदू रहे।

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2558