फिरोजाबाद: स्मार्ट सिटी के उद्घाटन कार्य को लोगों ने रोका

-नगर निगम के वाहन से हुए युवक के एक्सीडेंट में इलाज को मांगी सहायता राशि
-महापौर के आश्वासन के बाद, 18 करोड़ की लागत के निर्माण कार्य का हुआ शिलान्यास

फिरोजाबाद। 24 अगस्त को नगर निगम के वाहन से सड़क हादसे का शिकार हुए युवक की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। शुक्रवार को उसी क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के कार्य का 18 करोड़ की लागत से शिलान्यास होना था, जिसका मुहल्लेवासियों ने विरोध जताया। बाद में आश्वासन मिलने के बाद शिलान्यास हो सका।

नगर निगम के वाहन ने 24 अगस्त को यश गुप्ता पुत्र योगेश गुप्ता निवासी गली नंबर 11 आदर्श नगर होंडा वाला बाग को टक्कर मार दी थी, जिसमें युवक का आधा शरीर खराब हो गया था। उसका आगरा में उपचार चल रहा है। शुक्रवार को विधायक मनीष असीजा स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले 18 करोड़ की लागत से विकास कार्यो का शिलान्यास करने के लिए रसूलपुर पहुंचे थे। जहां मुहल्लेवासी एकत्रित हो गए।

उन्होंने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताना शुरू कर दिया। नारेबाजी करते हुए हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि घायल युवक का पूरा इलाज नगर निगम कराए। साथ ही घायल युवक के परिवार में से किसी एक सदस्य को नौकरी दी जाए। हंगामा बढ़ता देख विधायक मौके से चले गए।

महापौर कामिनी राठौर ने पीड़ित के परिजनों को 10 लाख रुपये इलाज के लिए नगर निगम द्वारा देने की घोषणा की। उसके बाद महापौर और नगर आयुक्त ऋषि राज द्वारा स्मार्ट सिटी के कार्य का शिलान्यास किया गया। रसूलपुर से लेकर नालबंद तक स्मार्ट सिटी का कार्य होना है।

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2797