-पति से विवाद के बाद मायके में रह रही थी विवाहिता
शिकोहाबाद। पति से विवाद के बाद तीन बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ चली गई। गायब हुई विवाहिता के पिता ने थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी है। पुलिस ने विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति ने लगभग चार वर्ष पूर्व अपनी बेटी का विवाह कानपुर देहात क्षेत्र में किया था। इस दौरान महिला के तीन बच्चे भी हुए। जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। गृह कलह के चलते विवाहिता अपने माता-पिता के घर आ गई। यहां रहकर वह जीवन यापन के लिए घर से बाहर जाकर काम करने लगी। वहीं उसकी दोस्ती एक पांच बच्चों के पिता से हो गई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।
जब इस मामले की जानकारी विवाहिता के पिता को हुई, तो उसने अपनी बेटी को दिल्ली में रिश्तेदार के यहां भेज दिया। पीड़ित पिता का आरोप है कि उसका प्रेमी वहां भी पहुंच गया। जहां से उसे वह लेकर कहीं चला गया।पीड़ित पिता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच करते हुए विवाहिता की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।