-रंजिश में गोली मारने का आरोप, अस्पताल में कराया भर्ती
फिरोजाबाद। मंगलवार को खेत पर गए नगला गड़रिया निवासी युवक को रास्ते में तमंचे से गोली मार दी गई। पैर में घुटने के नीचे गोली लगने से घायल युवक को परिजनों ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। घायल ने परिवार के ही कुछ लोगों पर रंजिश में गोली मरने का आरोप लगाया है।
नगला गड़रिया निवासी 32 वर्षीय मनोज बघेल ने बताया कि वह खेत पर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में उसके ताऊ के चार लड़के समेत पांच लोग तमंचे से गोली मार कर भाग गए। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसकी चीख पुकार सुन कर ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। घायल युवक ने बताया कि रविवार को भी दूसरे पक्ष के लोगों ने मामूली विवाद में मारपीट कर दी थी। उस समय कुछ लोगों ने मामला रफा-दफा करा दिया गया था।
गोली मारने की घटना के मामले में ताऊ के लड़के राजीव कुमार, देवेंद्र, शांति और धर्मवीर तथा एक अन्य अज्ञात युवक के विरुद्ध जानलेवा हमला करने के मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया पूरी घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।