फिरोजाबाद: महिला आयोग की सदस्या ने जिला अस्पताल और सौ शैया अस्पताल का किया निरीक्षण, देखी व्यवस्थाएं

फिरोजाबाद। महिला आयोग की सदस्या गुरुवार को जिला अस्पताल और सौ शैया अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची। जहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी हालचाल लिया। उनके आने से पहले ही सभी व्यवस्थाओं में सुधार कर दिया गया था। मरीजों के चादर बदल दिए गए थे। वहीं, साफ सफाई की व्यवस्था को बेहतर बना दिया गया था।
महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी जिला अस्पताल पहुंची। जहां सबसे पहले उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल चाल लिया। मरीजों को मिलने वाले उपचार और व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने सौ शैया अस्पताल में भी व्यवस्थाओं को देखा। साफ-सफाई रखने के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसलिए विभिन्न प्रकार की मशीनरी और व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सीएमओ डा. रामबदन राम द्वारा मरीजों को दी जाने वाली सुविधाएं और इलाज के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। विभिन्न प्रकार की जांचें भी मरीजों की निःशुल्क की जाती हैं। निरीक्षण उपरांत महिला आयोग की सदस्य ने बताया कि अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं ठीक मिली हैं। मरीजों को बेहतर इलाज के साथ ही साफ सफाई भी अच्छी थी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डाॅ रामबदन राम, सीएमएस डाॅ नवीन जैन, एसडीएम सदर आदि मौजूद रहे।