फिरोजाबाद: गर्भवती महिला की पिकअप से टक्कर में मौत
-दवा लेने जा रही महिला को वाहन ने कुचला, चालक फरार
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नगला बरी चैराहे के पास एक मैक्स पिकअप ने सात माह की गर्भवती महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान समा के रूप में हुई है। वह शान मोहम्मद की पत्नी थी और कश्मीरी गेट थाना रामगढ़ की रहने वाली थी। समा का मायका रसरईया, जिला फर्रुखाबाद में है। उनकी शादी को अभी मात्र दो साल हुए थे। घटना के समय समा दवा लेने के लिए नगला बरी चैराहे पर गई थी। तभी तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी।
दुर्घटना के समय उनका पति शान मोहम्मद मजदूरी करने गया हुआ था। पुलिस ने मैक्स पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को दे दी गई है। परिवार में शोक की लहर है।