फिरोजाबाद: प्रसव के उपरांत महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

-प्राइवेट अस्पताल में तीन दिन पहले कराया गया था भर्ती

फिरोजाबाद। गुरुवार को गर्भवती महिला की प्रसव के उपरांत मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामा होते देख डाक्टर मौके से फरार हो गए। वहीं, पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतका की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी।

मैनपुरी के बरनाहल निवासी 20 वर्षीय वंदना की शादी डेढ़ साल पहले फिरोजाबाद के प्रताप नगर सेलई निवासी रूपेश के साथ हुई थी। शादी के बाद पहली बार गर्भवती हुई वंदना को प्रसव के लिए परिजन तीन दिन पहले थाना रसूलपुर क्षेत्र के सिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां उसे भर्ती कराया गया।

प्रसव होने के बाद महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन उसके बाद से ही उसकी तबियत बिगड़ गई। गुरुवार को अधिक खून बह जाने के कारण महिला की मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।

हंगामा होता देख पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन जब तक डाक्टर मौके से फरार हो गए। हंगामा कर रहे परिजनों को पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों का कहना है कि डाक्टरों की लापरवाही की वजह से वंदना की जान गई है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2789