शिकोहाबाद: राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों की पुलिस से मुठभेड़

-पुलिस की गोली लगने से दोनों हुए घायल, अस्पताल में भर्ती कराया
शिकोहाबाद। राह चलते व्यक्तियों से छीना झपटी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने दोनो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनके कब्जे से दो तमंचा, लूटा गया मोबाइल और एक सफेद धातु की चैन बरामद की है।
एसपी ग्रामीण अखिलेश कुमार ने बताया कि वादी गलुशन कुमार निवासी खेडा मुहल्ला थाना शिकोहाबाद ने तहरीर दी। जिसमें बुधवार की रात्रि पौने 11 बजे बीडीएम कॉलेज के सामने स्पलेन्डर सवार तीन लडके उसका मोबाईल फोन लूट कर ले गये हैं। जिसके सम्बन्ध में थाना शिकोहाबाद पर बीएनएस की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया। उन्होंने बताया कि उक्त प्रकरण के खुलासे हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने दो टीमों का गठन किया था। इसी क्रम में गुरुवार को वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी उन्हें सूचना मिली कि बाइक सवार तीन लोग भगवंत वाले बाग तिराहे पर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर ली। सूचना के आधार पर थाना पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर सघन चैकिंग अभियान चलाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक को तेज रफ्तार पर भगाने लगे। हड़बड़ाहट में भागते समय उक्त व्यक्तियों की बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता हुआ देख उक्त लोगों द्वारा पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इस दौरान पुलिस द्वारा जबाबी कार्यवाही में चलाई गई गोली दो व्यक्तियों के पैर में लग गयी। जिन्हें घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अरबाज और जिरूद्दीन के रुप में हुई। जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गया। पकड़े गये दोनों युवकों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इन लुटेरों से दो घटनाओं का खुलासा किया है। एक महिला जो मोर्रनिंग वाक पर जा रही थी, उसकी पीली धातु की चेन भी लूट ली थी। पुलिस ने वह भी बरामद की है। पकड़े गये आरोपी अरबाज और जिरुद्दीन निवासी मियां बाजार सिरसागंज हैं।