फिरोजाबाद। मंगलवार को एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। अविवाहित बड़े भाई ने शराब के नशे में घर में सो रहे छोटे भाई की गला काटकर हत्या कर दी। उसके बाद मौके से फरार हो गया। दोनों ही भाई अलग-अलग मकानों में रहते थे।
मामला थाना लाइनपार क्षेत्र के गांव नकटपुरा का है। यहां पर रहने वाला 22 वर्षीय कृष्ण कुमार पुत्र सत्यपाल सिंह फिरोजाबाद कारखाने में मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। अभी डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि कृष्ण कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
सोमवार रात्रि कारखाने पर काम करने के बाद 11 बजे घर वापस लौटा था। खाना खाने के बाद वह घर में सो गया। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे कृष्ण कुमार का सबसे बड़ा भाई राम सिपाही जो अविवाहित है, वह दीवार फांद कर घर में घुस आया। जहां शराब के नशे में उसने दरांती से अपने छोटे भाई की गर्दन काट कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर थाना लाइनपार पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक के चाचा रामनिवास ने बताया कि आरोपी राम सिपाही शराब का आदी है। शराब के नशे में आए दिन अपने छोटे भाई के साथ गाली गलौज करता था। रात के समय सोते समय उसने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी।
सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं हो सकी है।