फिरोजाबाद: कुरा बंटवारे के लिए दस हजार की रिश्वत लेते लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार

-एंटी करप्शन की टीम ने जाल बिछाकर दबोचा लेखपाल
-लेखपाल संघ का तहसील अध्यक्ष है आरोपी लेखपाल

फिरोजाबाद। कुरा बंटवारे के लिए दस हजार की रिश्वत मांगने वाला लेखपाल एंटी करप्शन की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। शाम तक चली कार्रवाई के बाद आखिरी में आरोपी लेखपाल के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी लेखपाल संघ का तहसील अध्यक्ष है।

गांव रसीदपुर कनैटा निवासी भुवनेश शर्मा का कुरा बंटवारे का मामला एसडीएम न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि रिपोर्ट लगाने के नाम पर लेखपाल अरविंद कुमार ने उनसे 35 हजार रुपये की मांग की। वह लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष भी हैं। मोलभाव करते-करते 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। उनके व्यवहार से आहत भुवनेश ने इसकी शिकायत एंटी क्रप्शन आगरा से एक सप्ताह पूर्व की थी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एंटी क्रप्शन की टीम ने जाल बिछाया। सुबह साढ़े नौ बजे इंस्पेक्टर संजय यादव के नेतृत्व में टीम जिला मुख्यालय स्थित शिविर कार्यालय पर डीएम डा. उज्ज्वल कुमार से मिली। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शुक्ला और दौजीराम को टीम के साथ भेजा।

दोपहर 12 बजे टीम सदर तहसील पहुंची

योजना के अनुसार भुवनेश ने परिसर में बने कमरे में बैठे अरविंद कुमार को 10 हजार रुपये के नोटों की गड्डी थी। जो उन्होंने रख ली। इस दौरान आसपास उपस्थित टीम के सदस्यों ने उन्हें पकड़ लिया। लेखपाल के हाथ धुलवाए तो वे नोटों पर पहले से लगाए गए रंग के कारण गुलाबी हो गए। रंगे हाथों पकड़े जाते ही लेखपाल का चेहरा फक पड़ गया। इसके बाद टीम उन्हें लेकर सीधे थाना उत्तर पहुंची। यहां शाम छह बजे तक मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चली।

लेखपाल के इस तरह गिरफ्तार होने से सदर तहसील के साथ ही प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। टीम प्रभारी संजय यादव ने बताया कि लेखपाल को गुरुवार की सुबह मेरठ जेल ले जाया जाएगा। कोई भी व्यक्ति किसी को रिश्वत न दे। कोई परेशान करता है तो एंटी क्रप्शन टीम को बताए।

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2560