फिरोजाबाद। शुक्रवार को थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव हरगनपुर निवासी युवक ने गृह कलह से तंग आकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे में फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए मेडीकल काॅलेज भेजा है।
हरगनपुर निवासी 32 वर्षीय रामब्रज यादव और उसकी पत्नी घर पर अकेले थे। रामब्रज के पिता रघुपति यादव कहीं गए हुए थे। इस बीच रात में वह कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फंदे से लटक गया। सुबह छह बजे उसके कमरे का दरवाजा न खुलने पर पत्नी ने आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव उतार कर पोस्टमार्टम घर भिजवाया।
पिता ने बताया कि उनके बेटे की शादी 12 वर्ष पहले हुई थी। उसके संतान नहीं थे। नसीरपुर एसओ संजुल पांडेय ने बताया कि पारिवारिक कलह की वजह से युवक ने आत्महत्या की। किसी के विरुद्ध आरोप प्रत्यारोप नहीं है।