फिरोजाबाद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा सिलोड़ी बगीची, सिलवर सिटी इंद्रा कॉलोनी एवं लालऊ रोड टंकी के सामने नगला भाऊ नई आबादी में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान संस्थान के बहनों ने अशोका, शीशम, ईमली, नीम, चाँदनी, सेजना, अमरूद, जामुन, गुड़हल अनार, बेल, नींबू, गिलोय इत्यादि पौधे रोपे। साथ ही सामी, खजूर, व तुलसी के बीज बोए।
इस अवसर पर सेंटर की संचालिका सरिता दीदी ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण को संतुलित कर मानव के अस्तित्व की रक्षा करने के लिए आवश्यक है। हमें अपने और पर्यावरण के हितेषी पेड़-पौधों के साथ मित्रवत व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे लिए कई प्रकार से लाभदायक होते हैं। जीवों द्वारा छोड़े गए कार्बन डाइऑक्साइड को ये जीवन दायिनी ऑक्सीजन में बदल देते हैं। वृक्ष हमें छाया प्रदान करते हैं। इनके छाया में पशु-पक्षी ही नहीं, मानव भी चैन की सांस लेते हैं। जहां वृक्ष पर्याप्त मात्रा में होते है, वहां वर्षा की मात्रा भी सही होती है।
वृक्षों की कमी सूखे का कारण बनती है। वृक्षों से पर्यावरण की खूबसूरती में निखार आता है वृक्षों से प्राप्त लकड़ियाँ भवन निर्माण एवं फर्नीचर बनाने के काम आती है। इस तरह मनुष्य जन्म लेने के बाद से मृत्यु तक वृक्षों एवं उनसे प्राप्त होने वाले विभिन्न प्रकार की वस्तुओं पर निर्भर रहता है। अंजना दीदी ने बताया कि पेड़ प्रकृति के सुंदर और उपयोगी उपहार हैं। वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रदीप अग्रवाल, तेजस्व बंसल, अनुज अग्रवाल, राधिका, डॉली यादव, देव भाई एवं सेंटर की बहन-भाई मौजूद रहे।