फिरोजाबाद: प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत

-मायका पक्ष ने लगाया डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप
फिरोजाबाद। निजी अस्पताल में महिला की प्रसव के उपरांत मौत हो गई। परिजनों ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, घटना को लेकर परिजनों में रोष व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के गालिब नगर निवासी 30 वर्षीय सुमाइला गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे थाना रसूलपुर क्षेत्र के दुर्गा नगर जिंदल नर्सिंग एंड मेटरनिटी होम में भर्ती कराया था। परिजनों ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर डाक्टरों ने उसका आपरेशन किया। आपरेशन के कुछ देर बाद सब कुछ ठीक था। अचानक से उसकी तबियत खराब हो गई। उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। परिजनों ने डाक्टरों को मामले से अवगत कराया। जब मामला अधिक बिगड़ गया तो डाक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दे दी।
कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर परिजनों में रोष छा गया। उन्होंने जमकर हंगामा किया। हंगामा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर मामला शांत कराया। परिजनों का कहना है कि जिंदल हॉस्पिटल पर ऑपरेशन करने का लाइसेंस नहीं है। उन्हें इसकी जानकारी अभी हुई है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार का कहना है कि हमारे पास कोई तहरीर नहीं आई है। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।