Skip to content

फिरोजाबाद: महापौर कामिनी राठौर सहित 69 पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की ली शपथ

-तिलक इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित किया गया शपथ ग्रहण समारोह

फिरोजाबाद। नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर ने शुक्रवार को तिलक इंटर कॉलेज के मैदान में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। डीएम रवि रंजन ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने के बाद नगर निगम के 69 पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने के बाद मेयर ने चुनाव में शहर की जनता के मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बिना भेदभाव के शहर का विकास कराने का वाद किया।

तिलक इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व नगर निगम की महिला कर्मचारी ने महापौर कामिनी राठौर को नगर के प्रथम नागरिक के प्रतीक गाउन पहनाने के साथ गदा भेंट किया।

इसके बाद डीएम रवि रंजन ने नवनिर्वाचित महापौर कामिनी राठौर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने के बाद उन्होंने नगर निगम के चुने हुए सभी पार्षदों को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण करने के बाद महापौर कामिनी राठौर के साथ-साथ नगर विधायक मनीष असीजा, भाजपा के जिलाध्यक्ष वृंदावनलाल गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार का स्वागत किया। शपथ ग्रहण करने के बाद महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि शहर की जनता ने जिस प्रकार से निकाय चुनाव में साथ दिया।

उसी प्रकार से मुझे आगे भी सहयोग मिलता रहेगा। कहा कि मैं विश्वास दिलाती हूं कि समूचे शहर का बिना भेदभाव के विकास कार्य कराऊंगी। एक वर्ष के अंदर शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के साथ ही अन्य समस्याओं का प्राथमिकता से हल कराया जाएगा।

नगर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि आज के बाद महापौर कामिनी राठौर समूचे नगर की प्रथम नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव के वह नगर का विकास कराने का काम करेगीं।

इस दौरान एसएसपी आशीष तिवारी, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, एई रमाशंकर राम, संघ चालक रमाशंकर राम, सुनील टंडन, पूर्व महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता, राजेंद्र बौहरे, सुनील शर्मा, डॉ. एसपी लहरी, योगेश प्रताप बघेल, अमित गुप्ता, सुरेंद्र राठौर, चमन राठौर, शैलेंद्र गुप्ता शालू, उदय प्रताप सिंह, आकाश गुप्ता, देवेश भारद्वाज, निंकुज शुक्ला, योगेन्द्र बाबा, सूरजपाल बघेल, बंटू राठौर, नवीन प्रकाश उपाध्याय, वीरेन्द्र समुन आदि मौजूद रहे। संचालन सत्यवीर गुप्ता ने किया।

शपथ ग्रहण शुरू होने से पूर्व पार्षदों ने नीचे कुर्सी डालने का किया विरोध
फिरोजाबाद। शपथ ग्रहण शुरू होने से पूर्व भाजपा के पार्षदों ने मंच से नीचे बैठने के लिए कुर्सी डालने का विरोध किया। भाजपा पार्षद अजय गुप्ता, श्याम सिंह यादव, रेखा यादव, हरिओम गुप्ता, अलीम भोला के साथ-साथ अन्य पार्षदों ने विरोध दर्ज कराया। विरोध दर्ज करने के साथ-साथ पार्षदों ने कहा कि हमें यह बताया जाए की आखिर पार्षदों को नीचे बैठने की सलाह किसने दी। बोर्ड अधिकारी नहीं चलाएंगे बल्कि हम चलाएंगे। ऐसी मनमानी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद आनन-फानन में सभी कुर्सी को मंच पर डाला गया।

भाजपा पार्षद देश दीपक ने नहीं ली शपथ
फिरोजाबाद। नगर निगम के 70 पार्षदों में से भाजपा के एक पार्षद देश दीपक यादव शपथ ग्रहण करने नहीं पहुंचे। नगर आयुक्त घनश्याम मीणा ने बताया कि एक पार्षद देशदीपक ने शपथ नहीं ली

दो सपा पार्षदों ने उर्दू में ली शपथ
फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी के पार्षद सारिक सलीम एवं कासिम सिद्दीकी ने ऊर्दू में अलग-अलग शपथ ली। उन्होंने संचालक को पहले ही उर्दू में शपथ लेने की जानकारी दे दी थी।
संस्कृत में ली मनोज ने शपथ
फिरोजाबाद। भाजपा के पार्षद मनोज शंखवार ने संस्कृत भाषा में शपथ ली। शपथ ग्रहण करने बाद पार्षद ने भारत माता की जय के नारे लगाए। तो भाजपाई भी खुश दिखाई दिए।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

फिरोजाबाद। महापौर कामिनी राठौर ने शपथ ग्रहण करने के बाद शहर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। वह गांधीपार्क स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंची। इसके बाद स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, लाला टूंडामल, वीरांगना झलकारी बाई, महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा के साथ ही लाल बहादुर शास्त्री एवं चंद्रशेखर आजाद एवं रामलीला चैराहा स्थित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान रामलीला चैराहे पर चल रही सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त घनश्याम मीणा भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *