फिरोजाबाद: स्वास्थ्य केंद्रो व स्कूलों में लोगों को क्षय रोगों के प्रति किया जागरूक

फिरोजाबाद। जनपद में शुक्रवार को विश्व टीबी दिवस मनाया गया। सभी स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेन्द्रों पर तपेदिक यानि क्षय रोग के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। वहीं जिला मुख्यालय पर और स्कूलों में प्रभात फेरी निकली गई। एस.आर.के इंटर कॉलेज में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधि और छात्र शामिल रहे।  

जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा नरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2025 तक जनपद समेत पूरे देश से क्षय रोग समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसी क्रम में शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में जागरूकता संबंधी विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आज टीबी इकाइयों, डेजिग्नेटेड माइक्रोस्कोपिक सेंटर और गांवों में सामुदायिक स्तर पर जनप्रतिनिधियों की अध्यक्षता में मैजिक शो, नुक्कड़ नाटक व अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अब हमारा प्रयास क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायतें बनाना है। उन्होंने कहा कि आज वर्ड टीबी डे मनाने का उद्देश्य ही यही है कि लोगों को इस बीमारी के बारे में पूरी तरह जागरूक किया जाए और लक्षण वाले या संक्रमित व्यक्ति का तत्काल इलाज शुरू किया जाए।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ ब्रजमोहन ने बताया कि इस साल विश्व क्षय रोग दिवस की थीम है, हां हम टीबी खत्म कर सकते हैं। यह थीम तभी सार्थक होगी। जब इस रोग की समाप्ति के लिए समाज का हर व्यक्ति सहयोग करे। अधिकाधिक लोग निक्षय मित्र के रूप में क्षय रोगियों को गोद लें और उन्हें क्षय रोग से स्वस्थ बनाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि इसके मद्देनजर अब हर माह की 15 तारीख को एकीकृत निक्षय दिवस मनाया जा रहा है। इन दिवस पर तत्काल जांच और तत्काल इलाज शुरू करने की व्यवस्था है। इससे लोगों को काफी फायदा हो रहा है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय और जिले के 25 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर टीबी की जांच की सुविधा उपलब्ध है।

GAGAN TOMAR
GAGAN TOMAR

गगन तोमर एक युवा और जोशीले पत्रकार हैं, जो पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी नई सोच और प्रभावी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत से ही विभिन्न सामयिक और सामाजिक मुद्दों पर गहरी नजर रखी है। गगन की रिपोर्टिंग की विशेषता उनकी स्पष्ट और संजीवनी लेखनी है, जो पाठकों को न सिर्फ जानकारी प्रदान करती है, बल्कि सोचने पर भी मजबूर करती है।

Articles: 267