-पारिवारिक जमीनी विवाद से परेशान महिला शिकायत लेकर पहुंची थी लखनऊ
फिरोजाबाद। पारिवारिक जमीनी विवाद में परेशान होकर महिला लखनऊ पहुंच गई। जहां उसने न्याय न मिलने और परेशान करने का आरोप लगाते हुए जहर का सेवन कर लिया। जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई। लखनऊ में ही महिला को भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, लखनऊ पुलिस द्वारा शिकोहाबाद पुलिस से संपर्क करने के बाद शिकोहाबाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
पूरा मामला थाना शिकोहाबाद के रुकनपुरा का है। यहां पर रहने वाली पीड़िता रुकसाना के पति रफीकउद्दीन की छह साल पहले मृत्यु हो चुकी है। इनकी पैत्रिक संपत्ति रुकनपुरा और थाना रामगढ़ के कश्मीरी गेट में है। जहां उनकी जेठानी नगीना के नाम कश्मीरी गेट की संपत्ति कर दी गई थी। वहीं, जेठानी के पुत्र रियाजुद्दीन ने रुकनपुरा की संपत्ति में से 2/3 का हिस्सा नगला बरी निवासी रिंकू के नाम कर दिया। रिंकू उस जमीन को खाली कराने के लिए रुकसाना को परेशान करने लगा। उसने जगह खाली कराने के लिए कोर्ट में वाद दायर कर दिया।
वहीं, रुकसाना ने बैनामा निरस्त कराने के लिए कोर्ट में वाद दायर कर दिया। इसी मामले को लेकर रुकसाना पुलिस और अधिकारियों के चक्कर लगाती रही। उसके बाद शनिवार को वह गौतमपल्ली इलाके में पहुंची और वहां महिला ने जहर खा लिया। जहर खाने के मामले में लखनऊ पुलिस से डीजीपी मुख्यालय ने रिपोर्ट मांगी। आखिर महिला क्यों फिरोजाबाद से लखनऊ आई है। महिला के मामले में की गई शिकायत में क्यों कार्रवाई नहीं की गई। जिससे महिला संतुष्ट नहीं हो पाई। फिलहाल महिला का लखनऊ में इलाज चल रहा है।
इस मामले में एसपी सिटी ने बताया कि पारिवारिक जमीनी विवाद के चलते महिला लखनऊ गई थी। जहां उसने जहर का सेवन कर लिया। रुकसाना और रिंकू द्वारा कोर्ट में वाद दायर किया गया है।