-परिजनों ने कारखाने के सामने शव रखकर किया हंगामा, पुलिस के समझाने के बाद मामला हुआ शांत
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में चूड़ी कारखाने में काम करते समय करंट लगने से घायल हुई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिवारीजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर कारखाने के सामने शव को रखकर हंगामा कर दिया।
पूरा मामला थाना दक्षिण क्षेत्र के इंडियन ऑप्टिकल कारखाने का है। लाइनपार क्षेत्र के रामनगर निवासी 48 वर्षीय सुघरवती प्रजापति को फैक्ट्री में काम करने के दौरान पंखे से करंट लग गया था। उनका ट्रामा सेंटर के बाद आगरा और दिल्ली के अस्पताल में उपचार कराया गया। इन दिनों वह दिल्ली में अपनी बेटी के घर पर रह कर उपचार करा रही थीं। सुबह चार बजे उनकी मृत्यु हो गई। बुधवार को परिजन और मुहल्ले के लोग शव लेकर फैक्ट्री पर पहुंचे, लेकिन कर्मचारियों ने गेट नहीं खोला। इसके बाद भीड़ ने फैक्ट्री के सामने स्टेशन रोड पर शव रख दिया। इससे रास्ता जाम हो गया।
इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, इस पर पुलिस से नोकझोंक हो गई। परिजन और फैक्ट्री प्रबंध तंत्र के बीच समझौता होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा सका। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की मृत्यु किसी बीमारी से हुई है। पीएम रिपोर्ट से मृत्यु के कारण का पता चलेगा। उन्होंने रास्ता जाम होने से मना किया है।