शिकोहाबाद। बीडीएम गर्ल्स डिग्री कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर गीता यादवेन्दु की अध्यक्षता व संस्कृत विभागाध्यक्षा डॉ. नीलम के संयोजन में पूर्व संध्या पर वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारम्भ आदि कवि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण व नंदिनी के मंगलाचरण के साथ हुआ। प्राचार्या ने कहा कि महाकवि वाल्मीकि के आदर्श विचार सदैव समाज को प्रेरित करते रहेगें। सामाजिक सद्भाव, समानता और न्याय पर आधारित उनके महान विचार आज भी समाज का पथ प्रशस्त कर रहे हैं।
अंग्रेजी विभागाध्यक्षा प्रोफेसर सीमारानी जैन ने कहा कि महाकाव्य रामायण की रचना कर आदि कवि वाल्मीकि ने गौरवशाली संस्कृति को संजोने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस सुअवसर पर छात्राओं द्वारा निबन्ध व क्विज प्रतियोगिता में भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। निबन्ध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर शालू, द्वितीय स्थान पर नीता, तृतीय स्थान संयुक्त रूप से रागिनी व तनु रहीं।
निर्णायक मंडल की भूमिका का निर्वहन प्रो. सीमारानी जैन एवं डॉ.नम्रता प्रसाद ने किया। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आकांक्षा, द्वितीय स्थान पर अंशू और तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से शालू व स्नेहा ने प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका में दर्शना कुमारी व ब्यूटी सिंह रहीं।