सिरसागंज: मैं भी हूँ मतदाता की आकृति बनाकर विद्यार्थियों ने दिया मतदान का संदेश

सिरसागंज। जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में डिवाइन इंटरनेशनल एकेडमी, सिरसागंज में विद्यालय के प्रबंधक देव शरण आर्य व जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन के संयोजन में मतदान जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत शपथ एवं मैं भी हूँ मतदाता की आकृति से मतदान संदेश प्रदान किया।

अश्वनी कुमार जैन ने विद्यार्थियों को बताया कि हमारा देश उत्सवों का देश है, निर्वाचन लोकतंत्र का पर्व, देश का पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को शपथ ग्रहण कराई कि हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

उन्होंने सभी को जागरूक करते हुए बताया कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व मतदान एवं लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति मत है। प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है, इसलिए कोई भी मत छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकृति की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधक देव शरण आर्य ने सभी विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, रिश्तेदारों, ग्रामवासी, नगरवासियों को सात मई को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अनुराग दुबे, अनुज मिश्रा, रिचा सिंह, ममता सक्सेना, मोनिका, मेघा सक्सेना, अमित जादौन, गौरव सिंह एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2566