शिकोहाबाद: राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से नगर हुआ राममय

-श्रीराम के जयघोषों से गूंजा पूरा नगर, राम भक्त खुशी से झूमते नजर आए

शिकोहाबाद। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का अयोध्या में भव्य, दिव्य एवं अलोकिक मंदिर निर्माण और भगवान के बाल स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा से पूरा नगर राममय हो गया। सुबह से ही मंदिरों, घरों में पूजा अर्चना की गई। भजन, कीर्तन और रामधुन गाई गई। दोपहर बाद नगर में आधा दर्जन शोभायात्रा निकाली गईं। जिसमें बड़ी संख्या में राम भक्तों ने भाग लिया। नगर में सोमवार को पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रम होते रहे। वहीं शाम को घरों में दीप जला कर राम की प्राण प्रतिष्ठा को दीपोत्सव के रूप में मनाया और एक दूसरे को भगवान श्रीराम के नये भवन में आने की शुभकामनाएं दीं।

सोमवार को बालाजी मंदिर पर सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस दौरान बालाजी मंदिर पर प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचे और हनुमान जी महाराज से आर्शीवाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर के महंत मनीष भारद्वाज ने पूजा अर्चना की और भगवान श्रीराम की आरती उतारी। डॉ. चंद्रसेन जादौंन, एडीएम अभिषेक सिंह, एसडीएम विवेक मिश्रा, दयाशंकर गुप्ता, दिनेश यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। तहसील परिसर में एसडीएम विवेक मिश्रा के निर्देशन में सुंदरकांड का पाठ किया गया। इस अवसर पर लेखपाल शशांक मिश्रा के साथ तहसील के लेखपाल, कानूनगो और अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

वहीं दोपहर बाद नगर में शोभायात्रा निकालने का सिलसिला शुरू हुआ। एक शोभायात्रा पंजाबी कॉलोनी से प्रारंभ हुई। जिसका उदघाटन पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि राजीव गुप्ता ने किया। यह शोभायात्रा दोनों बाजारों में घूमती हुई शीतला माता मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। वहीं दूसरी शोभायात्रा शीतला माता से प्रारंभ हुई और दोनों बाजारों में घूमती हुई शीतला माता मंदिर पर ही समाप्त हुई। इसके बाद सीतला माता मंदिर पर भंडारा का आयोजन किया गया। इसका उदघाटन सीओ प्रवीन कुमार तिवारी ने किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजीव गुप्ता, ह्रदयराम यादव, राजेश शर्मा, सनी शर्मा, आशुतोष वर्मा, शिवम दीक्षित, रामौतार यादव, नितिन श्रीवास्तव, अंकुर भारद्वाज, अतुल चतुर्वेदी, अजय चैहान, सागर शर्मा, ज्ञानचंद्र जैन, अरुण गुप्ता, योगेश गुप्ता, डॉ. पीएस राना सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष मौजूद रहे।

Dinesh
Dinesh

दीनेश वशिष्ठ एक अनुभवी और समर्पित पत्रकार हैं, जो पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी गहन समझ और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने पत्रकारिता में कई वर्षों का अनुभव अर्जित किया है। दीनेश की विशेषता उनकी गहरी शोध क्षमता और सत्य को उजागर करने की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण घटनाओं को कवर किया है और उनके रिपोर्ट्स ने समाज पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।

Articles: 712