फिरोजाबाद: बारात में घोड़ी और बैंड नहीं पहुंचा तो दुल्हन ने किया शादी से इंकार

-पंचायत में भी नहीं बनी बात, बारात वापस लौटी

फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में घोड़ी और बैंड नहीं पहुंचा तो दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। कन्या पक्ष का आरोप है कि वर पक्ष द्वारा उनसे दहेज को लेकर गाली गलौज की जा रही थी। जिसके बाद दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया था। दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। बाद में बारात वापस लौट गई।

शिकोहाबाद के खेरिया निवासी पिंटू की बेटी की शादी मंगलवार को थी। बारात फिरोजाबाद के दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला हिमायूपुर से रात 11 बजे दुल्हन के घर पर पहुंची थी। बैंड बाजा और घोड़ी न देख दुल्हन और उसके परिजन नाराज हो गए। उन्होंने बैंड और घोड़ी न होने पर वर पक्ष के लोगों से बातचीत की। वर पक्ष के लोगों ने बताया कि घोड़ी का एक्सीडेंट हो जाने के कारण घोड़ी बारात में नहीं आ सकी। वह घोड़ी लाने के लिए शिकोहाबाद भी गए लेकिन नहीं मिली। इसी बात को लेकर दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया।

वहीं, दुल्हन के भाई अमन ने बताया कि वर पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर गाली गलौज की गई थी। जिसके बाद उनकी बहन और परिवार वालों ने शादी से इंकार कर दिया। शादी में दावत चल रही थी। सब कुछ तैयारी थी। जरा सी बात पर रिश्ता टूट गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। रात भर चली वार्ता के बाद भी कोई समझौता नहीं हो सका।

बुधवार को पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को बिठाकर समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। उसके बाद बारात वापस लौट गई। दुल्हन का कहना था कि दूल्हा गाली गलौज कर रहा था। इसलिए उसने शादी से इंकार किया है।

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2254