फिरोजाबाद: दस दिनों पानी की समस्या से परेशान लोगों का फूटा गुस्सा

-स्टेशन रोड पर लगाया जाम, नगर निगम के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

फिरोजाबाद। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पानी न मिलने से नाराज लोगों ने मंगलवार को स्टेशन रोड पर जाम लगा दिया। नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। उसके बाद मौके पर पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों ने काम शुरू कराया। तब जाकर लोग शांत हुए।

पूरा मामला थाना दक्षिण क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ले का है। जहां पर विगत 10 दिनों से पानी नहीं पहुंच रहा था। पानी न मिलने से परेशान लोगों का धैर्य जवाब दे गया और वह एकत्रित होकर स्टेशन रोड पर आ गए। जहां उन्होंने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि स्मार्ट सिटी के तहत नगर निगम द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नई पाइप लाइन डाली जा रही हैं, जिसके चलते विगत 10 दिन से उनके मोहल्ले में पानी नहीं आ रहा है। पानी न मिलने पर उन्होंने जाम लगाया है।

जाम की सूचना पर नगर निगम के एई मुंशीलाल वर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उन्हें पानी उपलब्ध कराने के लिए कार्य शुरू कराया जा रहा है। जल्द ही पानी की आपूर्ति मोहल्ले में की जाएगी। उनके आश्वासन पर ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ और करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका।

 

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2254