फिरोजाबाद: डिवाइडर तोड़ एक्सप्रेसवे पर नीचे गिरी श्रद्धालुओं से भरी बस, तीन की मौत, तीन दर्जन घायल

फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात श्रद्धालुओं से भरी बस डिवाइडर तोड़कर एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन दर्जन से अधिक घायल हो गए।

28 मई को छत्तीसगढ़ के 56 श्रद्धालु दुर्ग जिले से बस द्वारा तीर्थ यात्रा पर निकले थे। वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद शुक्रवार देर शाम सभी वृंदावन पहुंचे। वहां दर्शन करने के बाद रात एक बजे बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे होते हुए दुर्ग के लिए रवाना हुई। रात 3.15 बजे नसीरपुर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 51 के निकट चालक रवि साहू को झपकी आ गई। जिससे बस डिवाइडर तोड़ती हुई गहरी खंदी में जा गिरी। घटना के समय लगभग सभी यात्री सो रहे थे। नीचे गिरने से पहले बस दो बार पलटी।

हादसे में 20 वर्षीय अंशु निवासी धमदा जिला दुर्ग और सात वर्षीय क्षमित निवासी दुर्ग की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि 49 घायल हो गए। सूचना पर यूपीडा और थाना पुलिस पहुंच गई। एसपी ग्रामीण कुमार रणविजय सिंह भी आ गए। टीम ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से 39 घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय, आठ सैफई पीजीआइ और दो को आगरा मेडिकल कालेज भिजवाया। सैफई पीजीआइ में उपचार के दौरान शनिवार दोपहर 40 वर्षीय अन्नपूर्णा निवासी दुर्ग की भी मृत्यु हो गई। पुलिस ने हाइड्रा मंगाकर बस को उठवाकर थाने भिजवाया।

दोपहर दो बजे एसपी ग्रामीण और एसडीएम आदेश सागर ने संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। एसपी ग्रामीण कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि संभवतः घटना चालक को नींद की झपकी आने से हुई है। हालांकि चालक का कहना है कि उसे बस अनियंत्रित होने का कारण समझ में नहीं आया। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई है और 48 घायल है। सभी को बेहतर उपचार दिया जा रहा है।

-हादसे में ये हुए घायल

हादसे में भूषण कुमार साहू निवासी गांव पटोरा, भाग्य लक्ष्मी, नेमा, कांति यादव, पुष्पेंद्र, गीता ठाकुर, क्रांती ठाकुर, तामेश्वरी, विमला बाई, पूर्णिमा, चेतन लाल, लक्ष्मी निवासी मटियारा, जिवराखन निवासीगण गांव आमा लोरी, प्रतिभा निवासी बतौरा, लक्ष्मी साहू निवासी पटोरा, कामती, ललिता निवासी ऊतई, पिंगला, रूपा साहू, परशुराम निवासी मर्रा, थाना उदई जिला दुर्ग, आरती साहू, फुलेश्वर प्रसाद साहू निवासी रायपुर और नूतन साहू निवासी आरकार, थाना सनोल, जिला बालोद घायल हुए जिन्हें संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2254