फिरोजाबाद: जिले के 7.99 लाख वोटर मतदान कर गुरूवार को चुनेंगे अपनी सरकार

-जिले के 267 मतदान केंद्रों के 707 बूथों पर डालेंगे वोट, सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा मतदान
-नगर निगम एरिया में ईवीएम, नगर पालिका, नगर पंचायतों में मतपत्र के माध्यम से डाले जाएंगे वोट

फिरोजाबाद। जिले की आठ निकायों के 7.99 लाख वोटर अपनी सरकार को आज चुनेंगे। 267 मतदान केंद्रों के 707 बूथों पर बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही जिले के 1104 प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटिका एवं निगम क्षेत्र में ईवीएम में बंद हो जाएगा। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से चाक चैबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। जिले के अधिकारी बुधवार की शाम तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे दिखाई दिए।

जिले में नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को जिले को प्रशासन ने 22 जोन एवं 52 सेक्टरों में बांटते हुए जिले के अफसरों को तैनात किया है। पुलिस फोर्स, पीएसी एवं आरएएफ मुस्तैद दिखाई देगी। ताकि किसी बूथ पर आसामाजिक तत्व फटकने नहीं पाए। नगर निगम एरिया काफी बड़ा होने के कारण प्रशासन का फोकस नगर निगम के साथ ही शिकोहाबाद नगर पालिका पर अधिक रहेगा। फिरोजाबाद नगर निगम क्षेत्र में 187 मतदान केंद्र के 458 बूथों पर ईवीएम से मतदान होगा। निगम को नौ जोन, 19 सेक्टर में बांटा है। जोन एवं सेक्टरों में तेज तर्रार अफसरों की तैनाती की है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो-दो ईवीएम का प्रयोग होगा। एक वार्ड में पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो जाने के कारण छह बूथों पर एक मेयर प्रत्याशी की ईवीएम ही रहेगी। इस चुनाव में वीवीपैट मशीन का प्रयोग नहीं होगा।

टूंडला नगर पालिका 16 मतदान केंद्र एवं 55 बूथों के लिए पोलिंग टीम वीरी सिंह इंटर कॉलेज से रवाना होंगी। दो जोन पांच सेक्टरों में बांटा है। शिकोहाबाद नगर पालिका एवं मक्खनपुर नगर पंचायत की पोलिंग टीमें पालीवाल इंटर कॉलेज से रवाना होंगी। शिकोहाबाद में 28 मतदान केंद्र 97 बूथ हैं इसे तीन जोन एवं नौ सेक्टरों में अफसरों को तैनात किया है। नगर पंचायत मक्खनपुर में दस मतदान केंद्र एवं 20 बूथ हैं यहां दो जोन एवं चार सेक्टरों में बांटा है। सिरसागंज नगर पालिका की पोलिंग टीमें मंडी सिरसागंज प्रांगण से रवाना होगी। सात मतदान केंद्र के 30 बूथों पर मतदान होगा। इसे दो जोन एवं सात सेक्टरों में बांटा है।

एका, जसराना एवं फरिहा नगर पंचायत की पोलिंग टीमें एलआर इंटर कॉलेज जसराना प्रांगण से रवाना होंगी। जसराना में दो मतदान केंद्रों के 13 बूथों, फरिहा में तीन मतदान केद्रों के दस बूथों एवं एका में 14 मतदान केंद्रों के 24 बूथों पर मतदान होगा। जसराना एवं फरिहा के एक-एक जोन एवं दो-दो सेक्टरों में बांटते हुुए अफसर तैनात किए हैं। वहीं एका को दो जोन एवं चार सेक्टरों में बांटा है।

Ravi
Ravi

रवि एक प्रतिभाशाली लेखक हैं जो हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपनी अनूठी शैली और गहन विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में जीवन के विविध पहलुओं का गहन विश्लेषण और सरल भाषा में जटिल भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। रवि के लेखन का प्रमुख उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और पाठकों को आत्मविश्लेषण के लिए प्रेरित करना है। वे विभिन्न विधाओं में लिखते हैं,। रवि की लेखनी में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक मुद्दे और सांस्कृतिक विविधता का अद्वितीय समावेश होता है।

Articles: 2254